enewsmp.com
Home सीधी दर्पण 15 से 30 जुलाई तक सीधी जिले में चलेगा ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ जनजागरूकता अभियान

15 से 30 जुलाई तक सीधी जिले में चलेगा ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ जनजागरूकता अभियान

प्रतिदिन आयोजित होंगे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, राष्ट्रीय हेल्पलाइन 14446 एवं मानस हेल्पलाइन 1933 का होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

सीधी(ईन्यूज एमपी)-उप संचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के अंतर्गत 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में व्यापक नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का संचालन पुलिस, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग सहित विभिन्न विभागों तथा गायत्री परिवार, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी, आर्ट ऑफ लिविंग, हार्टफुलनेस जैसी सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं के सहयोग से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्कूलों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में नशामुक्ति विषयक व्याख्यान, लघु फिल्मों का प्रदर्शन, रील एवं शॉर्ट फिल्म प्रदर्शन, चित्रकला, निबंध, पेंटिंग, स्लोगन, रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों, अभिभावकों, एनसीसी, स्काउट-गाइड, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों तथा जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से रैलियां, जागरूकता कार्यक्रम एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के अंतर्गत प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों, बसों, डिजिटल स्क्रीन तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन माध्यमों के जरिए नशामुक्ति संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक, मानव श्रृंखला, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक माध्यमों से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही स्कूलों के आसपास तंबाकू एवं सिगरेट की बिक्री पर निगरानी रखने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

अभियान के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के शौर्य दल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समितियां, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन तथा अंतर्विभागीय समन्वय के माध्यम से भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित एम-नहित (Mnhit) ऐप के माध्यम से नशा प्रभावित व्यक्तियों को चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।

उप संचालक ने बताया कि यह अभियान भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान - विकसित भारत की पहचान’ के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान राष्ट्रीय नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 एवं मानस हेल्पलाइन 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही अधिक से अधिक नागरिकों को एनएमबीए पोर्टल पर ‘नशा मुक्ति मित्र’ के रूप में पंजीकृत करने, ई-प्लेज (ePledge) के माध्यम से नशामुक्ति की शपथ दिलाने तथा आयोजित सभी गतिविधियों को एनएमबीए मोबाइल एप पर अपलोड करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share:

Leave a Comment