गांवों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता - विधायक कुँवर सिंह टेकाम सीधी(ईन्यूज एमपी)-ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डांगा का लोकार्पण धौहनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुँवर सिंह टेकाम के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कुँवर सिंह टेकाम ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर पर बसे व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डांगा के प्रारंभ होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को समय पर उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य केवल उपचार का विषय नहीं, बल्कि जनकल्याण और सामाजिक विकास का आधार है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी संवेदनशीलता, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ मरीजों की सेवा करें तथा शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लें तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी, प्रसव सेवाएं, टीकाकरण, सामान्य उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र में चिकित्सक, स्टाफ नर्स, एएनएम सहित आवश्यक मानव संसाधन की व्यवस्था की गई है। साथ ही आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं, जिससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने नव-लोकार्पित भवन का निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस स्वास्थ्य केंद्र के प्रारंभ होने से डांगा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता कम होगी तथा समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य कृष्णलाल पयासी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्यकर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।