enewsmp.com
Home सीधी दर्पण जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न

जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न

आधार सेवाओं में सुधार के लिए कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश, 15 दिन में जिले की रैंकिंग सुधारने के निर्देश

सीधी(ईन्यूज एमपी)-कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत सभागार में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में आधार नामांकन एवं अद्यतन (अपडेट) कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आधार सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में यूआईडीएआई के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल से सहायक प्रबंधक दीपक शर्मा ने जिले में आधार नामांकन एवं अपडेट की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में वर्तमान में 77 आधार ऑपरेटर एवं सुपरवाइजर कार्यरत हैं, लेकिन अधिकांश ऑपरेटरों का प्रतिदिन औसत नामांकन 10 से भी कम है। उन्होंने सभी ऑपरेटरों की कार्यक्षमता बढ़ाते हुए शत-प्रतिशत नामांकन एवं अद्यतन कार्य सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि जिले में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तथा 100 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के आधार अद्यतन के लंबित प्रकरणों की संख्या अधिक है। इस पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी) को आधार कार्यों की सतत निगरानी कर प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि विद्यालयों में आयोजित होने वाले आधार शिविरों में 5 से 7 वर्ष एवं 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट प्राथमिकता से कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस अनिवार्य अद्यतन के लिए यदि कोई आधार ऑपरेटर निर्धारित नियमों के विरुद्ध शुल्क वसूलता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी आईडी निलंबित कराई जाए।

बैठक में विद्यालय स्तर पर आधार नामांकन एवं अपडेट की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिले की वर्तमान आधार रैंकिंग 46वीं होने पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों के भीतर ठोस कार्ययोजना तैयार कर अभियान चलाया जाए तथा जिले की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार करते हुए उसे शीर्ष 10 जिलों में लाने का प्रयास किया जाए।

बैठक के उपरांत यूआईडीएआई के सहायक प्रबंधक दीपक शर्मा द्वारा जिले के आधार ऑपरेटरों एवं सुपरवाइजरों का उन्मुखीकरण प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आधार नामांकन एवं अद्यतन से जुड़े विशेष (Exceptional) प्रकरणों के निराकरण, तकनीकी प्रक्रियाओं, दस्तावेज सत्यापन तथा विभिन्न जटिल मामलों के समाधान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आधार सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं नागरिक हितैषी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, जिला सूचना अधिकारी दशरथ प्रजापति, जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक मनीष सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आधार ऑपरेटर उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment