enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का शुभारंभ

सीधी में विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का शुभारंभ

11 से 18 जुलाई तक परिवार नियोजन एवं जनजागरूकता पर रहेगा विशेष फोकस

सीधी(ईन्यूज एमपी)- मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक खरे के निर्देशन में शनिवार को विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा अभियान का शुभारंभ जिला मुख्यालय से जनजागरूकता रैली निकालकर किया गया। रैली में आशा पर्यवेक्षकों एवं आशा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए परिवार नियोजन एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक किया।

अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाना, शहरी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना तथा योग्य दंपत्तियों को छोटे एवं स्वस्थ परिवार के महत्व के प्रति जागरूक करना है। अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर योग्य दंपत्तियों से संपर्क करेंगी तथा उन्हें परिवार नियोजन के अस्थायी एवं स्थायी साधनों की जानकारी प्रदान करेंगी। विशेष रूप से झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों एवं सघन बस्तियों में व्यापक जनसंपर्क कर पात्र हितग्राहियों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा।

अभियान के अंतर्गत अंतरा इंजेक्शन, छाया टैबलेट एवं कंडोम बॉक्स की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को नसबंदी सहित विभिन्न परिवार नियोजन सेवाओं के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़े और स्वस्थ एवं समृद्ध परिवार की अवधारणा को बढ़ावा मिल सके।

Share:

Leave a Comment