enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी रिहायशी इलाके में पहुंचा मगर, वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू

सीधी रिहायशी इलाके में पहुंचा मगर, वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के पनवार क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ नहर से निकलकर चौहान टोला के रिहायशी इलाके में पहुंच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग के कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सफल रेस्क्यू अभियान चलाया और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर सोन घड़ियाल अभ्यारण के गऊघाट में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार वनमंडल सीधी के कंट्रोल रूम में अरुण सिंह चौहान द्वारा सूचना दी गई कि पनवार के चौहान टोला गांव में नहर से निकलकर एक मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी प्रीति अहिरवार के निर्देश पर वन क्षेत्राधिकारी सीधी रविंद्र नाथ तिवारी के नेतृत्व में तत्काल रेस्क्यू टीम का गठन किया गया।

रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक अभियान चलाया और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सोन घड़ियाल अभ्यारण के गऊघाट में छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू अभियान में वनपाल पंकज मिश्रा, राधे साकेत, संजीव सोनकर तथा वनरक्षक कृष्णकुमार पनिका और वृजेंद्र तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो स्वयं पकड़ने या छेड़छाड़ करने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग के कंट्रोल रूम या संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।

Share:

Leave a Comment