enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी: छुहिया घाटी में भीषण सड़क हादसा, अल्ट्राटेक प्लांट की बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत

सीधी: छुहिया घाटी में भीषण सड़क हादसा, अल्ट्राटेक प्लांट की बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत

48 कर्मचारियों को लेकर रीवा से बघवार प्लांट जा रही थी बस, घायलों का रीवा के संजय गांधी अस्पताल में इलाज जारी**

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले की प्रसिद्ध छुहिया घाटी में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के कर्मचारियों को लेकर जा रही स्टाफ बस की सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के समय बस में 48 कर्मचारी सवार थे। दुर्घटना में कई कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य है।

जानकारी के अनुसार अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट की स्टाफ बस (क्रमांक **MP 17 ZL 7499**) शुक्रवार सुबह रीवा से बघवार स्थित प्लांट के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 9 बजे सीधी-रीवा सीमा पर स्थित छुहिया घाटी के पहाड़ी मार्ग में सामने से आ रहे एक ट्रक से बस की जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों करीब 20-20 फीट पीछे खिसक गए। हादसे में दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्रत्यक्षदर्शी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद बस में सवार कर्मचारी किसी तरह बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

रीवा के संजय गांधी अस्पताल के डॉक्टर रामकुमार वर्मा ने बताया कि हादसे में घायल कर्मचारियों के हाथ-पैर में चोटें आई हैं, जबकि एक कर्मचारी के सिर में चोट लगी है। सभी घायलों का उपचार जारी है और फिलहाल किसी की हालत गंभीर नहीं है।

हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Share:

Leave a Comment