enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में बढ़ती गर्मी का बच्चों पर असर, अभिभावकों ने स्कूल अवकाश की उठाई मांग...

सीधी में बढ़ती गर्मी का बच्चों पर असर, अभिभावकों ने स्कूल अवकाश की उठाई मांग...

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान का असर अब स्कूली बच्चों पर साफ दिखाई देने लगा है। भीषण गर्मी के बीच अभिभावकों ने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए कलेक्टर से स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की है।

जिले में इन दिनों तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे दोपहर के समय गर्म हवाओं और लू का असर तेज हो गया है। ऐसे में छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि तेज धूप और गर्मी के कारण बच्चों के बीमार पड़ने का खतरा बढ़ गया है।

हालांकि, स्थिति को देखते हुए सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा पहले ही स्कूलों के समय में परिवर्तन कर चुके हैं। वर्तमान में जिले के स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है, ताकि बच्चों को दोपहर की तेज गर्मी से बचाया जा सके।

इसके बावजूद तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते अभिभावकों की चिंता कम नहीं हो रही है। कई अभिभावकों ने प्रशासन से अपील की है कि यदि गर्मी का प्रकोप इसी तरह जारी रहता है तो बच्चों के हित में कुछ दिनों के लिए अवकाश घोषित किया जाए।

शिक्षा विभाग और प्रशासन की ओर से फिलहाल अवकाश को लेकर कोई आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में मौसम के रुख को देखते हुए प्रशासन द्वारा उचित निर्णय लिया जा सकता है।

Share:

Leave a Comment