enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:बारात से लौट रही पिकअप पलटी,एक की मौत, कई लोग घायल

सीधी:बारात से लौट रही पिकअप पलटी,एक की मौत, कई लोग घायल

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के मड़वास थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 20 से 25 लोग घायल हो गए। बारात से लौट रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा दोपहर करीब 2:50 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन मझौली क्षेत्र से बारात लेकर टिकरी की ओर लौट रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन पलट गया। हादसे में वाहन में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार मड़वास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग प्रजापति समाज की बारात में शामिल होकर लौट रहे थे। मृतक और घायलों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

मड़वास थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक के मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार और सड़क की स्थिति समेत अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है।

Share:

Leave a Comment