सीधी-मैहर बॉर्डर पर अवैध रेत उत्खनन पर छापा, माफियाओं में हड़कंप सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सोन घड़ियाल अभयारण्य की टीम ने सीधी-मैहर सीमा से लगे सोन नदी क्षेत्र में देर रात छापेमारी कर रेत से लदे 9 हाईवा और ट्रक जब्त किए हैं। इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार यह संयुक्त कार्रवाई संजय टाइगर रिजर्व के उपसंचालक राजेश कन्ना टी के नेतृत्व में की गई। टीम ने कुबरी घाट क्षेत्र में रात करीब 12 बजे से सुबह 5 बजे तक लगातार कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे वाहनों को पकड़ा। मौके से भागे कई माफिया छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद माफियाओं में अफरा-तफरी मच गई। कई चालक और तस्कर जेसीबी मशीन सहित कुछ वाहनों को लेकर मौके से फरार हो गए, लेकिन टीम ने 9 हाईवा और ट्रकों को पकड़ने में सफलता हासिल की। जमोड़ी में खड़े कराए गए वाहन जब्त किए गए सभी वाहनों को सीधी जिले के जमोड़ी स्थित काष्टागार में खड़ा कराया गया है। रविवार दोपहर तक जब्ती की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। अधिकारियों के अनुसार यह सोन घड़ियाल अभयारण्य क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुख्ता सूचना पर की गई कार्रवाई उपसंचालक राजेश कन्ना टी ने बताया कि टीम को लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार निगरानी के बाद पुख्ता सूचना के आधार पर यह सरप्राइज कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी वाहन सोन नदी के भीतर से पकड़े गए हैं, इसलिए इन्हें राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इन्हें छुड़ाना लगभग असंभव होगा। अरबों की बताई जा रही कार्रवाई विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई करोड़ों नहीं बल्कि अरबों रुपए के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस बड़ी कार्रवाई के बाद रेत माफियाओं में दहशत का माहौल है और क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।