सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। जारी आदेश के अनुसार अब जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल एवं अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगी। यह आदेश 18 अप्रैल 2026 से प्रभावशील कर दिया गया है और आगामी आदेश तक लागू रहेगा। प्रशासन ने यह निर्णय छात्रों को भीषण गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से लिया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही आयोजित होंगी तथा मूल्यांकन कार्य भी अपने नियत समय पर संपन्न किए जाएंगे।जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया है कि नए समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।इस निर्णय से अभिभावकों और विद्यार्थियों को गर्मी के इस दौर में राहत मिलने की उम्मीद है।