सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर 18 अप्रैल 2026 को स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। जारी आदेश के अनुसार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। इनमें धौहनी विधानसभा के नेबूहा, सीधी विधानसभा के बरमानी, चुरहट विधानसभा के कपुरी कोठार तथा सिहावल विधानसभा के डोल ग्राम पंचायत शामिल हैं। शिविरों का आयोजन ग्राम पंचायत भवन, सामुदायिक भवन या अन्य शासकीय भवनों में किया जाएगा। शिविर की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए मुनादी कराई जाएगी तथा जनप्रतिनिधियों को भी सूचित किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अपने साथ आधार कार्ड और समग्र आईडी अवश्य लेकर आएं। शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और उन्हें शासकीय योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।