enewsmp.com
Home सीधी दर्पण नारी शक्ति वंदन अधिनियम से बदलेगा देश का भविष्य: अब ‘याचक नहीं, नायक’ बनेंगी महिलाएं — मनीषा सिंह

नारी शक्ति वंदन अधिनियम से बदलेगा देश का भविष्य: अब ‘याचक नहीं, नायक’ बनेंगी महिलाएं — मनीषा सिंह

सीधी (ईन्यूज़ एमपी)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को स्वतंत्र भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक मनीषा सिंह ने कहा कि यह कानून देश की माताओं-बहनों को याचक नहीं, बल्कि नायक की भूमिका में स्थापित करेगा।
स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में मनीषा सिंह ने कहा कि यह अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि सदियों से प्रतीक्षित सामाजिक न्याय की वह प्रतिज्ञा है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं देश के नवनिर्माण से जुड़े हर निर्णय में बराबर की सहभागी बनेंगी।
उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक कदम महिलाओं को केवल वोट बैंक मानने वाली मानसिकता को समाप्त करेगा और उन्हें नीति निर्धारण व नेतृत्व की मुख्यधारा में लाएगा। आगामी वर्षों में संसद और विधानसभा में 33 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व का लक्ष्य देश की राजनीति की दिशा बदल देगा।
पत्रकार वार्ता की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने की। इस दौरान मनीषा सिंह ने कहा कि वर्षों से संसद की दहलीज पर इंतजार कर रही देश की बेटियों को अब उनका अधिकार मिलने जा रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस गारंटी का प्रमाण है, जिसमें महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया गया है।

कांग्रेस पर साधा निशाना
मनीषा सिंह ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि दशकों तक महिला आरक्षण के नाम पर केवल राजनीति की गई। 1996 से 2014 तक इस मुद्दे को लटकाया गया और महिलाओं को उनका हक नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को जाति और संप्रदाय के आधार पर बांटने का काम किया, जबकि मोदी सरकार ने उन्हें एकजुट कर सशक्त बनाया।

मोदी सरकार में महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में केंद्र सरकार की योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन खाते, मुद्रा योजना और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया गया है।
मनीषा सिंह ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं—चाहे वह उच्च शिक्षा हो, नागरिक उड्डयन हो या फिर सशस्त्र बल। देश को द्रौपदी मुर्मू के रूप में पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति मिलना इस बदलाव का प्रतीक है।
पत्रकार वार्ता के अंत में उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम सोनी ने किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, डॉ. मनीला सिंह चौहान, सरस्वती बहेलिया, सुनीता वर्मा, पूजा कुशराम, उषा पटेल, शिवदान साकेत, जितेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment