रीवा-सीधी-सिंगरौली रेलवे, महान नहर व सड़क परियोजनाओं को मिली रफ्तार सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में विकास कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के उद्देश्य से भू-अर्जन प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। कलेक्टर विकास मिश्रा के मार्गदर्शन में विभिन्न परियोजनाओं के तहत 144 भूमिस्वामियों को 3 करोड़ 43 लाख रुपए से अधिक की मुआवजा राशि का भुगतान किया गया है। भू-अर्जन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 मार्च से 10 अप्रैल 2026 के बीच रीवा-सीधी-सिंगरौली रेलवे परियोजना के अंतर्गत 114 भूमिस्वामियों को 3 करोड़ 20 लाख रुपए से अधिक राशि वितरित की गई। यह परियोजना क्षेत्र में आवागमन को सुदृढ़ बनाने के साथ विकास को नई गति देगी। इसी तरह महान नहर परियोजना के तहत 24 भूमिस्वामियों को 20 लाख 19 हजार रुपए से अधिक का मुआवजा दिया गया है, जिससे सिंचाई सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा। वहीं लोक निर्माण विभाग (PWD) की परियोजनाओं के अंतर्गत 6 भूमिस्वामियों को 3 लाख 41 हजार रुपए से अधिक राशि का भुगतान किया गया। इन कार्यों के पूर्ण होने से सड़क एवं आधारभूत संरचना मजबूत होगी। प्रशासन द्वारा भू-अर्जन प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है, ताकि प्रभावित भूमिस्वामियों को शीघ्र मुआवजा मिल सके और विकास कार्यों में विलंब न हो। कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि जिले की सभी प्रमुख परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए भू-अर्जन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे विकास कार्यों को गति मिल सके और आमजन को समय पर लाभ प्राप्त हो।