सीधी (ईन्यूज़ एमपी)। प्रगतिशील लेखक संघ, मध्यप्रदेश (प्रलेस) ने जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध लेखक, चिंतक, मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके निधन से देश ने एक निर्भीक विचारक, संवैधानिक मूल्यों के पक्षधर और सामाजिक न्याय के लिए मुखर आवाज खो दी है। 26 जुलाई 1940 को जन्मे कनक तिवारी भारतीय संविधान, सामाजिक न्याय और आदिवासी अधिकारों के प्रति अपनी स्पष्ट वैचारिक समझ तथा बेबाक लेखन के लिए पहचाने जाते थे। उन्होंने अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत अंग्रेजी साहित्य के प्राध्यापक के रूप में की। करीब आठ से नौ वर्षों तक विभिन्न महाविद्यालयों में अध्यापन करने के बाद वे पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े। उन्होंने पीटीआई, नवभारत टाइम्स और नागपुर टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी कार्य किया। वर्ष 1971 में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से एलएलबी की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने वकालत शुरू की। कानून के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर भी उनकी गहरी समझ थी। छत्तीसगढ़ के चर्चित मजदूर नेता शंकर गुहा नियोगी की हत्या के बाद उनसे जुड़े जमानत और कानूनी मामलों में भी कनक तिवारी की भूमिका उल्लेखनीय रही। वे मजदूर अधिकारों, मानवाधिकारों और सामाजिक न्याय के सवालों पर लगातार मुखर रहे। आदिवासी समाज और उसके अधिकार उनके लेखन के प्रमुख विषयों में शामिल रहे। उनका मानना था कि जंगल और पहाड़ आदिवासी जीवन के मूल आधार हैं तथा इन पर स्थानीय समुदायों का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। उन्होंने अपने लेखन के माध्यम से आदिवासी समाज की समस्याओं, उनके अधिकारों और उपेक्षा के सवालों को प्रमुखता से उठाया। ‘आदिवासी उपेक्षा का अंतःकरण’, ‘ब्रिटिश हुकूमत से 21वीं सदी तक’, ‘संविधान और हम भारत के लोग’, ‘फिर से हिंद स्वराज’ तथा ‘बस्तर : लाल क्रांति बनाम ग्रीन हंट’ उनकी चर्चित पुस्तकों में शामिल हैं। प्रगतिशील लेखक संघ के मध्यप्रदेश अध्यक्ष मंडल के सदस्य सोमेश्वर सिंह ने कहा कि कनक तिवारी के निधन से छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश के शैक्षिक, सामाजिक, न्यायिक और बौद्धिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। वे एक निर्भीक विचारक और नैतिक मार्गदर्शक थे, जिन्होंने अपने लेखन और सार्वजनिक जीवन में जनहित तथा संवैधानिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा। प्रलेस के पदाधिकारियों ने उनके निधन पर परिजनों, प्रशंसकों और मित्रों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नागरिक अधिकारों की रक्षा, प्रगतिशील लेखन, सामाजिक न्याय और मानवाधिकारों के क्षेत्र में कनक तिवारी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।