enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश MP में बर्फीली हवाओं का कहर,4 जिलों में यलो अलर्ट,उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

MP में बर्फीली हवाओं का कहर,4 जिलों में यलो अलर्ट,उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

भोपाल (ईन्यूज़ एमपी)। मध्यप्रदेश में उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भोपाल में लगातार तीसरे दिन शीतलहर का असर देखने को मिला है। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी करते हुए आगामी दो दिनों तक ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, रायसेन, राजगढ़ और विदिशा जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। उत्तर भारत की ओर से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और रात के समय ठिठुरन अधिक महसूस हो रही है। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक सर्दी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदेश के ग्वालियर-चंबल और भोपाल संभाग में ठंड का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। वहीं, हिल स्टेशन पचमढ़ी और नौगांव प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल हैं। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते सर्दी का प्रभाव अधिक बना हुआ है।

मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना कम जताई है। ऐसे में प्रदेशवासियों को फिलहाल कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

Share:

Leave a Comment