सीधी(ईन्यूज एमपी)-आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिला पंचायत सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 250 से अधिक आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवेदकों से प्राप्त शिकायतों और मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई प्रशासन और आमजन के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से विचार करते हुए पात्र हितग्राही को नियमानुसार वास्तविक राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में, पारदर्शिता के साथ और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव है, उनमें अनावश्यक प्रक्रिया में समय न लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए। वहीं, जांच अथवा अन्य विभागीय समन्वय की आवश्यकता वाले प्रकरणों में संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में जांच पूरी कर स्पष्ट प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी आवेदक को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों में की गई कार्रवाई की जानकारी ली। अधिकारियों ने आवेदकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर उन्हें नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी गोपद बनास सुश्री प्रिया पाठक, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री धनंजय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।