enewsmp.com
Home सीधी दर्पण देर रात सम्राट चौक में सड़क हादसा,एक व्यक्ति कि मौत

देर रात सम्राट चौक में सड़क हादसा,एक व्यक्ति कि मौत

सीधी(ईन्यूज एमपी)- शहर के सम्राट चौराहे के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक की टक्कर से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर ने मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान ग्राम पोखरा, थाना बहरी निवासी महेश यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है। महेश सीधी शहर में मजदूरी करता था। सोमवार रात वह सब्जी खरीदने के लिए बाहर निकला था। सब्जी खरीदने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ करीब आधे घंटे तक बैठा रहा। रात लगभग 11 बजे वह पैदल अपने कमरे की ओर जा रहा था। इसी दौरान सम्राट चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि महेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसकी मदद की। स्थानीय निवासी जितेंद्र विश्वकर्मा के अनुसार, महेश सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा था, जबकि टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो चुका था। लोगों की मदद से घायल को ऑटो के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

महेश के सिर, पैर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी। कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फरार चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।

Share:

Leave a Comment