सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में श्रावण मास के अंतिम सोमवार और एकादशी के संयोग पर आज शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रसिद्ध बढ़ौरा शिव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की कतारें लगी रहीं। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया। इस अवसर पर पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ल ने सपरिवार समर्थकों और श्रद्धालुओं के साथ सोन नदी से जल लेकर करीब पांच किलोमीटर की पदयात्रा की और भगवान शिव का जलाभिषेक कर जिलेवासियों के सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। श्रावण मास के अंतिम सोमवार और एकादशी के पावन अवसर पर बढ़ौरा शिव मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहा। पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ल ने अपने समर्थकों एवं श्रद्धालुओं के साथ सोन नदी से जल लिया और करीब पांच किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ल ने सोन नदी के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि सोन महानंद है और इसका जल भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से सोन नदी के जल से भगवान शिव के जलाभिषेक की परंपरा जारी है। इस क्रम में सबसे पहले सोन नदी स्थित देवघटा शिव मंदिर, इसके बाद चंदरेह और अंत में बढ़ौरा में भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाता है। जलाभिषेक के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर में पूरे समय हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। श्रावण के अंतिम सोमवार और एकादशी के संयोग के चलते जिले के अन्य शिवालयों में भी विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। धार्मिक उत्साह और भक्ति के माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार और जिलेवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।