enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

सीधी:वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जमोड़ी थाना पुलिस ने बड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का डीजल, वारदात में प्रयुक्त करीब 6.20 लाख रुपये कीमत की बोलेरो सहित अन्य सामग्री बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, फरियादी संजू यादव निवासी कुशहा, जिला मऊगंज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका कोयला लोड वाहन MP 19 ZD 3754 सोनवर्षा टोल प्लाजा के पास रात करीब 2 बजे खड़ा था। चालक के सो जाने के दौरान अज्ञात बदमाश वाहन की डीजल टंकी से डीजल चोरी कर ले गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जमोड़ी पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान चंद्रमणि साहू पिता शिवनारायण साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी कारवाही, थाना सरई, जिला सिंगरौली तथा दद्दू उर्फ रामगरीब रावत पिता छोटेलाल रावत, निवासी पराई, थाना चितरंगी के रूप में की। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें बड़े वाहनों से डीजल चोरी की वारदातों में संलिप्तता सामने आई।

ढाबों और टोल प्लाजा के पास खड़े वाहनों को बनाते थे निशाना

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी होटल, ढाबों, टोल प्लाजा और अन्य स्थानों पर खड़े बड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। वे वाहन की डीजल टंकी का ढक्कन तोड़कर अंदर लगी जाली को विशेष रूप से तैयार गोलनुमा सब्बर से तोड़ते थे। इसके बाद पाइप डालकर डीजल को जेरिकेन में निकाल लेते थे।

चोरी किए गए डीजल को आरोपी अपने क्षेत्र में जेसीबी संचालकों को कम कीमत पर बेचते थे। इसके अलावा उनके पास स्वयं जेसीबी और बोलेरो वाहन होने के कारण चोरी के डीजल का इस्तेमाल अपने वाहनों में भी किया जाता था।

दोनों आरोपियों पर दर्ज हैं करीब 16 प्रकरण

पुलिस जांच में दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सरई एवं रेलवे क्षेत्र में पूर्व से करीब 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। आरोपियों के खिलाफ निवास रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रेल इंजन से करीब 1000 लीटर डीजल चोरी करने का मामला भी आरपीएफ द्वारा दर्ज किया गया था।

थाना जमोड़ी पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक केदार परोहा के नेतृत्व में की गई।

वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील

पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे, टोल प्लाजा, होटल-ढाबों और सुनसान स्थानों पर वाहन खड़ा करते समय विशेष सावधानी बरतें। रात में संभव हो तो वाहन सुरक्षित एवं प्रकाशयुक्त स्थान पर खड़ा करें। डीजल चोरी या वाहनों के आसपास संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर सूचना दें।

Share:

Leave a Comment