कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं रहेंगी यथावत संचालित सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में हो रही अत्यधिक बारिश को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 19 अगस्त 2026 को सीधी जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है। जारी आदेश के अनुसार कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित होती रहेंगी। वहीं सभी शिक्षक एवं कर्मचारी विद्यालयीन समय में विद्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। आवश्यकता और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन अथवा वर्चुअल कक्षाओं का आयोजन भी किया जा सकेगा। प्रशासन ने अत्यधिक वर्षा और इससे उत्पन्न संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।