सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई के तहत प्रशासन ने चुरहट तहसील के ग्राम भेलकी में बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं उपखंड अधिकारी चुरहट के निर्देश पर राजस्व विभाग ने पुलिस बल की मौजूदगी में करीब **4 एकड़ शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया। जानकारी के अनुसार ग्राम भेलकी स्थित शासकीय आराजी के खसरा क्रमांक 177, 174, 154 एवं 203 की लगभग 4 एकड़ भूमि पर अतिक्रमण किया गया था। अतिक्रमणकारियों द्वारा भूमि पर बाउंड्री बनाकर कब्जा किए जाने की बात सामने आई थी। जेसीबी से हटाई गई बाउंड्री तहसीलदार चुरहट के नेतृत्व में राजस्व अमला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन से अतिक्रमण कर बनाई गई बाउंड्री को ध्वस्त किया गया और शासकीय भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से करीब 4 एकड़ शासकीय भूमि को सुरक्षित किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।