enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत, अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने पर परिजनों का हंगामा

सीधी:तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत, अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने पर परिजनों का हंगामा

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हस्तिनापुर गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। घर से मछली पकड़ने निकले चार बच्चों में से दो बच्चे तालाब के गहरे पानी में डूब गए। दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय पंकज केवट पिता रमेश केवट और 10 वर्षीय अर्पित केवट पिता ओमप्रकाश केवट सहित चार बच्चे घर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित एक छोटे तालाब में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान पंकज और अर्पित गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। तालाब के बाहर मौजूद अन्य दो बच्चों ने दौड़कर परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। परिजनों ने **112 पर सूचना देने का दावा किया, लेकिन आरोप है कि मौके पर कोई वाहन नहीं पहुंचा। इसके बाद गंभीर हालत में दोनों बच्चों को मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया ले जाया गया।

डॉक्टर की अनुपस्थिति का आरोप, अस्पताल में हंगामा

अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मौजूद नहीं थे। उनका कहना था कि बच्चों के इलाज और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इसको लेकर परिजनों का गुस्सा भड़क गया और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने समझाइश देकर कराया शांत

मामले की सूचना मिलते ही सेमरिया थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।

पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share:

Leave a Comment