पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में ली परेड की सलामी, शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान सीधी(ईन्यूज एमपी)- 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीधी जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कलेक्टर विकास मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। समारोह में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों के परिजनों का सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री के संदेश वाचन का लाइव प्रसारण समारोह के दौरान किया गया। कार्यक्रम के दौरान आसमान में रंगीन गुब्बारे छोड़े गए, जिसने समारोह की शोभा बढ़ा दी। इसके बाद जिला पुलिस बल, होमगार्ड जवानों सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक एवं अनुशासित मार्चपास्ट किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और भारतीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। पूरे समारोह के दौरान राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण बना रहा। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं नागरिक शामिल हुए और सभी ने एकजुट होकर आजादी के इस राष्ट्रीय पर्व को उत्साह के साथ मनाया।