सीधी(ईन्यूज एमपी)-सीधी-सिंगरौली संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर संजय टाइगर रिजर्व के दुबरी क्षेत्र के विस्थापित परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने विस्थापन से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, आजीविका और अन्य लंबित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए शीघ्र समाधान का आग्रह किया। सांसद डॉ. मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र से विस्थापित परिवार विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन परिवारों की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाना आवश्यक है, ताकि उन्हें शासन द्वारा निर्धारित सुविधाओं और योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। बैठक के दौरान सांसद ने विस्थापित परिवारों की वर्तमान स्थिति से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ विस्थापित परिवारों के अधिकारों, सम्मानजनक पुनर्वास और आजीविका की सुरक्षा भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार इस विषय पर सकारात्मक पहल करेगी और संजय टाइगर रिजर्व के विस्थापित परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।