सीधी(ईन्यूज एमपी)-आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 350 से अधिक आवेदकों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर पात्र हितग्राहियों को वास्तविक राहत पहुंचाने वाला होना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव था, उनमें मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जटिल प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा। कलेक्टर विकास मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता, जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा निर्धारित समयावधि में उन्हें राहत मिले। जनसुनवाई के दौरान उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित आवेदनों पर आवेदकों से चर्चा कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।