enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:थाना परिसर में प्रधान आरक्षक पर हमला, सिर में गंभीर चोट, 23 टांके लगे

सीधी:थाना परिसर में प्रधान आरक्षक पर हमला, सिर में गंभीर चोट, 23 टांके लगे

सीधी/कुसमी(ईन्यूज एमपी)- सीधी जिले के भुईमाड़ थाना परिसर में सोमवार दोपहर एक प्रधान आरक्षक पर कथित रूप से हुए हमले से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना में प्रधान आरक्षक **बलबीर निखरे** गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर में गहरी चोट आने पर चिकित्सकों ने 23 टांके लगाए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय सीधी रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर ओमप्रकाश द्विवेदी (21 वर्ष), पिता वैजनाथ द्विवेदी, निवासी भुईमाड़ किसी बात को लेकर थाना परिसर पहुंचा और विवाद करने लगा। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे के सिर पर किसी कठोर वस्तु से हमला कर दिया। हमले में प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।

घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने घायल प्रधान आरक्षक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर में गंभीर चोट होने के कारण 23 टांके लगाए। हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय सीधी रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 351, 115, 132, 121 एवं 196 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment