enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी अवैध रेत कारोबार पर बड़ी कार्रवाई

सीधी अवैध रेत कारोबार पर बड़ी कार्रवाई

खनिज-पुलिस की संयुक्त टीम का एक्शन, दो वाहन जब्त, 74 ट्रॉली अवैध रेत का भंडारण पकड़ा

सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध रेत परिवहन वाहनों को जब्त किया है। वहीं अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित 74 ट्रॉली रेत भी जब्त की गई। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

अपर कलेक्टर वी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में 4 जुलाई 2026 को उपखंड गोपदबनास क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्राम डेम्हा में बिना नंबर के दो टाटा-407 डंपर अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए पकड़े गए।

संयुक्त दल को देखकर वाहन चालक रेत खाली कर मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया। जांच के दौरान वाहन चालकों के पास रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुमति या दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर थाना कोतवाली सीधी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।

कार्रवाई के दौरान ग्राम गाड़ा एवं कुर्रवाह में अवैध रूप से भंडारित 74 ट्रॉली रेत भी जब्त की गई। नियमानुसार जब्त रेत को रेलवे ठेकेदार मेसर्स एस.एम.एस. प्रा. लि. की सुपुर्दगी में दिया गया है।

खनिज विभाग ने बताया कि संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं जब्त रेत के संबंध में मध्यप्रदेश रेत नियम, 2019 के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

बिना नंबर वाले वाहनों से खनिज परिवहन किए जाने के मामले में मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को भी पृथक पत्र भेजा जाएगा।

रात्रि 8 बजे से शुरू होकर सुबह लगभग 4 बजे तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी लगातार टीम के संपर्क में रहे और कार्रवाई की मॉनिटरिंग करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। अभियान में उप पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा, रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे, खनि निरीक्षक शिशिर यादव सहित पुलिस एवं खनिज विभाग का अमला मौजूद रहा।

कलेक्टर विकास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment