सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत सरपंच-सचिवों को किया गया जागरूक, 1930 हेल्पलाइन के उपयोग और साइबर ठगी से बचाव की दी गई जानकारी कुसमी(ईन्यूज एमपी)-सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार कोरी के निर्देशन में जिलेभर में संचालित "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के अंतर्गत रविवार को जनपद पंचायत कुसमी के सभागार में सरपंचों एवं पंचायत सचिवों की महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से साइबर अपराधों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक कर डिजिटल सुरक्षा का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाना रहा। बैठक में थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर विस्तार से जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, व्हाट्सएप एवं इंस्टाग्राम हैकिंग, ओटीपी साझा करने के खतरे, अनजान लिंक पर क्लिक करने से होने वाले नुकसान, महिला अपराध, गुड टच-बैड टच तथा यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सरपंचों एवं सचिवों से अपील की कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी व्यक्ति ठगी का शिकार न बने। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार कोरी ने अपने संदेश में कहा कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण जनभागीदारी के बिना संभव नहीं है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से नियमित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, लोगों को संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी देने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। एसपी ने बताया कि 1930 हेल्पलाइन के माध्यम से ऑनलाइन ठगी की तत्काल शिकायत दर्ज कर संबंधित बैंक अथवा डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म को अलर्ट भेजा जाता है, जिससे राशि को रोकने या वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही शिकायत संबंधित साइबर पुलिस इकाई तक पहुंचाकर त्वरित जांच की प्रक्रिया शुरू की जाती है। उन्होंने बाजार और हाट क्षेत्रों में स्थित दुकानों एवं घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी आग्रह किया, जिससे अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की पहचान में पुलिस को सहायता मिल सके। बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विमल जायसवाल, सरपंच संघ अध्यक्ष मकरंद सिंह, व्यापारी एकता संघ कुसमी के अध्यक्ष मनोज गुप्ता, उपाध्यक्ष पुल्लू गुप्ता, सचिव रामभद्र शुक्ला, राजेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।