enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:बैंक पहुंचे कलेक्टर, स्व-सहायता समूहों के लंबित ऋण प्रकरणों के तत्काल निराकरण के निर्देश

सीधी:बैंक पहुंचे कलेक्टर, स्व-सहायता समूहों के लंबित ऋण प्रकरणों के तत्काल निराकरण के निर्देश

सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में स्व-सहायता समूहों को समय पर बैंक ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा ने शुक्रवार को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की तेंदुआ शाखा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत लंबित समूह ऋण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए बैंक अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने शाखा में समूहवार लंबित ऋण प्रकरणों की जानकारी ली और ऋण वितरण में हो रही देरी के कारणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र स्व-सहायता समूहों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित रखना स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर पात्र समूहों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी आजीविका गतिविधियां प्रभावित न हों।

उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) एनआरएलएम तथा बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शाखा में संयुक्त रूप से बैठकर सभी लंबित मामलों की एक-एक कर समीक्षा करें। जिन प्रकरणों में दस्तावेजों या अन्य औपचारिकताओं की कमी है, उन्हें तत्काल पूरा कराया जाए तथा पात्र मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए ऋण स्वीकृत किया जाए।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार हैं। समूहों को समय पर वित्तीय सहायता मिलने से स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने बैंक और एनआरएलएम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध ऋण वितरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक अवध बिहारी चौधरी, जिला परियोजना प्रबंधक एनआरएलएम पुष्पेंद्र सिंह, बैंक शाखा के अधिकारी, बैंक सखी एवं एनआरएलएम का अमला उपस्थित रहा।

Share:

Leave a Comment