सीधी(ईन्यूज एमपी)-सीधी जिले के कुसमी वन परिक्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथियों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। वन विभाग के अनुसार मंगलवार, 30 जून 2026 की शाम करीब 5 बजे पोंड़ी परिक्षेत्र के सांईडोल उत्तर बीट अंतर्गत आरएफ-308 के तिरसुलिहा गोड़ा क्षेत्र में सात जंगली हाथियों का झुंड देखा गया। हाथियों के मूवमेंट की सूचना मिलते ही वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल हाथियों का दल उक्त क्षेत्र में स्थिर है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्र से सांईडोल, कुन्दौर एवं लुरघुटी गांव की दूरी लगभग चार से पांच किलोमीटर है। ऐसे में ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने जंगल से लगे गांवों के लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं, विशेषकर रात के समय अकेले बाहर निकलने से बचें। यदि कहीं हाथियों का झुंड दिखाई दे तो उनके पास जाने, फोटो या वीडियो बनाने अथवा उन्हें किसी भी प्रकार से परेशान करने का प्रयास न करें। विभाग ने ग्रामीणों से यह भी कहा है कि हाथियों की गतिविधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें और जन-धन की हानि से बचा जा सके। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों के मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है। विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी आवश्यक सावधानियों का पालन करें, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।