enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:अवैध रेत पर संयुक्त कार्यवाही,16 वाहन जब्त

सीधी:अवैध रेत पर संयुक्त कार्यवाही,16 वाहन जब्त

सीधी (ईन्यूज एमपी)-कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विकास मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए संचालित विशेष जांच पखवाड़ा अभियान के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 16 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सतत सघन जांच एवं भ्रमण के दौरान पिपरांव चौकी, थाना सेमरिया, थाना जमोड़ी, यातायात थाना, थाना बहरी, मोहनिया चौकी, थाना अमिलिया, थाना रामपुर नैकिन तथा टिकरी चौकी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए 13 हाइवा, एक टाटा-909, एक टाटा-407 एवं दो ट्रैक्टर सहित कुल 16 वाहनों को पकड़कर संबंधित थाना एवं चौकियों में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। सभी वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

जिला खनिज विभाग ने बताया कि सभी प्रकरणों को अग्रिम कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। जिन वाहनों का उपयोग बिना पंजीयन अथवा बिना नंबर के किया गया है, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को भी पत्र भेजा जाएगा। इसके साथ ही अवैध खनिज कारोबार में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के 200 प्रकरण दर्ज कर शासन के कोष में 1.37 करोड़ रुपये जमा कराए गए थे। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में अब तक 93 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जिनसे 35 लाख रुपये शासकीय कोष में जमा कराए गए हैं। यह कार्रवाई अवैध खनिज कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन की सतत निगरानी और सख्ती को दर्शाती है।

इस कार्रवाई में नगर सैनिक शिवशंकर सिंह, तेज़बहादुर सिंह एवं अनिल पाठक का योगदान सराहनीय रहा।

Share:

Leave a Comment