enewsmp.com
Home सीधी दर्पण वायरल ऑडियो मामले में पटवारी रघुनाथ प्रसाद साकेत निलंबित

वायरल ऑडियो मामले में पटवारी रघुनाथ प्रसाद साकेत निलंबित

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के रामपुर नैकिन तहसील अंतर्गत जमुनिहा हल्का नंबर-02 के पटवारी रघुनाथ प्रसाद साकेत को सोशल मीडिया पर रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल होने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उपखंड अधिकारी (राजस्व) रामपुर नैकिन विकास आनंद द्वारा की गई है।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें सीमांकन की पुष्टि के लिए तीन हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रारंभिक जांच कराई गई।

प्रथम दृष्टया जांच में पटवारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार, कदाचार तथा शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के तथ्य सामने आने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। हालांकि निर्धारित अवधि में उनके द्वारा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। साथ ही अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना भी पाई गई।

इन तथ्यों के आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत पटवारी रघुनाथ प्रसाद साकेत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय रामपुर नैकिन निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता एवं कर्तव्यों में लापरवाही के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share:

Leave a Comment