रामगढ़ नम्बर-2 में 100 दिवसीय ग्रामोत्सव के अंतर्गत जल संरक्षण, श्रमदान एवं जनजागरूकता गतिविधियां जारी सीधी (ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत रविवार को ग्राम पंचायत रामगढ़ नम्बर-2 स्थित हिरन नदी के उद्गम स्थल पर नदी अनुभूति, दीप प्रज्वलन, नदी आरती एवं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना रहा। कार्यक्रम में जिला समन्वयक मुकेश कुमार गौर, विकासखंड समन्वयक अनिल पाठक तथा सरपंच शिवटहल कोल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला समन्वयक मुकेश कुमार गौर ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और नदियों, बावड़ियों सहित सभी पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिरन नदी क्षेत्र की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है, जिसके संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए जल का संरक्षण करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हिरन नदी के उद्गम क्षेत्र एवं आसपास स्थित जल संरचनाओं की स्वच्छता, संरक्षण एवं संवर्धन के लिए श्रमदान किया। सभी ने जल स्रोतों को सुरक्षित रखने एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया। 100 दिवसीय ग्रामोत्सव में चल रहे विविध आयोजन ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, रामगढ़ नम्बर-2 के तत्वावधान में तथा अमित कुमार गौतम ष्स्वतंत्रष् के संयोजन में 10 जून से 100 दिवसीय ग्रामोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। संयोजक अमित कुमार गौतम ष्स्वतंत्रष् ने बताया कि पिछले 12 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे ग्रामोत्सव को इस वर्ष विशेष रूप से 100 दिवसीय स्वरूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामोत्सव के बारहवें से बीसवें दिवस तक हिरन नदी में श्रमदान, साज-सज्जा, बीजारोपण, बीज संग्रह, नदी पूजन, दीपदान, आदि शंकराचार्य के जीवन परिचय पर आधारित पुस्तकों का वितरण तथा जनसंवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिव्यांग परिवार के लिए रोजगार की शुरुआत भी कराई गई है। आगामी दिनों में ग्रामीणों एवं पशुओं के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की योजना भी बनाई गई है। कार्यक्रम में ग्रामोत्सव संयोजक अमित कुमार गौतम स्वतंत्र, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सचिव प्रवीण शुक्ल, सीएमसीएलडीपी परामर्शदाता विनय तिवारी, अश्वनी पटेल, पूजा पाण्डेय, युवा समाजसेवी निखिल शुक्ला, शिवशंकर शुक्ला, संदीप मिश्रा, प्रेम मिश्रा, राजमणि प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।