enewsmp.com
Home सीधी दर्पण आज से शुरू होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, जिले के 1.92 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

आज से शुरू होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, जिले के 1.92 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

1182 पोलियो बूथ बनेंगे, तीन दिन चलेगा अभियान; अभिभावकों से बच्चों को बूथ तक लाने की अपील

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद दवा पिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने जिले के सभी अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की है।

सीएमएचओ डॉ. खरे ने बताया कि जिले में इस बार 1 लाख 92 हजार 650 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 2 लाख 25 हजार 784 घरों तक स्वास्थ्य विभाग की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के पहले दिन 28 जून को जिलेभर में 1182 पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी।

अभियान के सफल संचालन के लिए 1376 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें 2762 वैक्सीनेटर और 184 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा बस स्टैंड, प्रमुख बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर 25 ट्रांजिट बूथ बनाए जाएंगे, जबकि प्रवासी एवं उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों के लिए 6 विशेष मोबाइल टीमें भी कार्य करेंगी।

डॉ. खरे ने कहा कि पोलियो एक गंभीर और संक्रामक बीमारी है, जो बच्चों को आजीवन दिव्यांग बना सकती है। भारत वर्ष 2014 से पोलियो मुक्त है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी इसके मामले सामने आने के कारण सतर्कता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चे को पहले पोलियो की खुराक मिल चुकी हो, तब भी प्रत्येक अभियान में अतिरिक्त खुराक अवश्य पिलानी चाहिए।

सीएमएचओ ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे 28 जून को अपने निकटतम पोलियो बूथ पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं तथा यदि किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाते हैं तो 29 और 30 जून को घर-घर आने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें।

Share:

Leave a Comment