सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क जाम हटाने पहुंचे थाना प्रभारी पर ही धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में कमर्जी थाना प्रभारी इंद्राज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गहरी चोट आने के बाद तत्काल डायल-112 की सहायता से जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार ग्राम पटपरा में शासकीय मार्ग को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। एक पक्ष का आरोप है कि कुछ लोगों ने सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण कर रखा है। इस संबंध में कई बार प्रशासन को शिकायतें दी गईं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर मार्ग बहाल कराने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने अचानक टांगी व हंसिए से थाना प्रभारी पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें भीड़ से सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले में दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल तथा रितेश उर्फ सिंटू पटेल को नामजद आरोपी बनाया है। आरोप है कि आरोपियों ने सड़क जाम हटाने का विरोध करते हुए पुलिस टीम के साथ मारपीट की और थाना प्रभारी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी लेने के बाद कहा कि पुलिस अधिकारी पर हमला बेहद गंभीर अपराध है। मामले की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। दिनदहाड़े पुलिस अधिकारी पर हुए इस हमले से जिले में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।