बहरी(ईन्यूज एमपी)- सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंदवाही में शुक्रवार सुबह आई तेज आंधी एक किसान के लिए जानलेवा साबित हुई। तेज हवाओं के दौरान उड़कर आई लोहे की चादर (सीट) की चपेट में आने से 60 वर्षीय किसान रघुनाथ साकेत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे क्षेत्र में अचानक तेज आंधी और तूफान शुरू हो गया। तेज हवाओं के चलते कई मकानों की लोहे की चादरें उड़ने लगीं। इसी दौरान रघुनाथ साकेत अपनी सुरक्षा के लिए घर से बाहर निकलकर भाग रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घर से करीब 80 मीटर दूर पहुंचते ही एक उड़ती हुई लोहे की चादर उनके पैर के ऊपरी हिस्से में जा लगी। वह खुद को संभालने का प्रयास कर ही रहे थे कि दूसरी चादर भी तेज रफ्तार से उड़कर उनके शरीर में आ लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के बड़े भाई जगन्नाथ साकेत ने बताया कि आंधी शुरू होते ही परिवार के सभी लोग सुरक्षित स्थान की ओर भाग रहे थे। रघुनाथ सबसे आगे थे, तभी उड़ती हुई चादर उन्हें लग गई। उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन कुछ ही क्षण बाद दूसरी चादर भी उन्हें लग गई, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आकस्मिक दुर्घटना का प्रतीत होता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्राकृतिक आपदा राहत मद से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।