सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदईडाड़ गांव में सोमवार दोपहर मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली टावर निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को लेकर चुरहट की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 3 बजे कोदईडाड़ गांव के पास एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण हादसा गंभीर हो गया। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन पहुंचाया गया। 108 एंबुलेंस के ईएमटी रवि शुक्ला ने बताया कि हादसे में घायल पांच लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। घायलों में शिव प्रसाद रावत एवं आशा रावत को सिर और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया है। वहीं मुन्ना, रामनाथ और सानू रावत का उपचार रामपुर नैकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में 15 से अधिक मजदूर सवार थे, जिनमें कई लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं। हादसे के बाद चालक ने पलटे हुए वाहन को सीधा किया और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा चालक की तलाश की जा रही है।