enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:ग्रामीणों की शिकायतों पर कार्रवाई: पटवारी बृजेश प्रजापति निलंबित

सीधी:ग्रामीणों की शिकायतों पर कार्रवाई: पटवारी बृजेश प्रजापति निलंबित

सीधी(ईन्यूज एमपी)- कलेक्टर विकास मिश्रा के क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों के बाद राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खड्डी खुर्द एवं खड्डी कला हल्के के पटवारी बृजेश कुमार प्रजापति को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार राजस्व निरीक्षक मंडल खड्डी के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन समेत विभिन्न राजस्व मामलों के निराकरण में अनावश्यक देरी किए जाने तथा कार्य के बदले अवैध राशि मांगने की शिकायत कलेक्टर से की थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर जांच कराई गई।

जांच के दौरान कई राजस्व प्रकरण लंबे समय से लंबित पाए गए। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना किए जाने की भी पुष्टि हुई।

नायब तहसीलदार हनुमानगढ़ द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के परीक्षण के बाद उपखंड अधिकारी (राजस्व) रामपुर नैकिन विकास आनंद ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत पटवारी बृजेश कुमार प्रजापति को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।

आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय रामपुर नैकिन निर्धारित किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share:

Leave a Comment