enewsmp.com
Home सीधी दर्पण वृद्धजनों के बीच पहुंचीं विधायक रीती पाठक, आत्मीय संवाद कर जाना हालचाल

वृद्धजनों के बीच पहुंचीं विधायक रीती पाठक, आत्मीय संवाद कर जाना हालचाल

सीधी(ईन्यूज एमपी)-विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक ने शुक्रवार को पनवार स्थित सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित कैलाश स्वर्ण वृद्धाश्रम का भ्रमण कर वहां निवासरत वृद्धजनों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने वृद्धजनों का हालचाल जाना तथा आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सत्या सरोवर समाज सेवा संस्थान द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोली का विधायक ने अवलोकन कर उसकी सराहना की। इसके पश्चात उन्होंने वृद्धाश्रम भवन का निरीक्षण करते हुए आश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधायक ने आश्रम संचालक एवं प्रबंधन को निर्देशित किया कि वृद्धजनों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण भोजन और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

विधायक श्रीमती पाठक ने वृद्धजनों के साथ समय बिताते हुए उनकी आवश्यकताओं, सुझावों एवं समस्याओं को भी सुना। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान एवं देखभाल करना हम सभी का दायित्व है।

भ्रमण के दौरान उपस्थित उपखंड अधिकारी राकेश शुक्ला ने भी आश्रम की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे सेवा भावना के साथ कार्य करते हुए आश्रम संचालन को और अधिक बेहतर एवं व्यवस्थित बनाए रखें।

इस दौरान विश्वबन्धुधर द्विवेदी, पंकज पाण्डेय, पुष्पराज सिंह सहित गणमान्य जन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती पाठक आश्रम परिसर में आयोजित श्रावी गुप्ता पिता मनीष गुप्ता (रामा मेडिकल स्टोर, जोगीपहाड़ी) के जन्मदिवस कार्यक्रम में भी शामिल हुईं। उन्होंने श्रावी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share:

Leave a Comment