enewsmp.com
Home सीधी दर्पण आंधी का कहर: कमिश्नर निवास पर गिरा विशाल पेड़, वाहन और गेट क्षतिग्रस्त

आंधी का कहर: कमिश्नर निवास पर गिरा विशाल पेड़, वाहन और गेट क्षतिग्रस्त

शहडोल(ईन्यूज एमपी)- जिले में गुरुवार रात आई तेज आंधी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली तेज हवाओं के कारण कमिश्नर निवास के समीप एक विशाल पेड़ जड़ समेत उखड़कर गिर गया। पेड़ का बड़ा हिस्सा निवास परिसर में गिरने से कमिश्नर का वाहन और मुख्य गेट क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धूलभरी आंधी के दौरान शहर के कई हिस्सों में पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं। कमिश्नर निवास के पास पेड़ गिरने से घरौला मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका, बिजली विभाग और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत क्षेत्र की घेराबंदी कर यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। कर्मचारियों ने देर रात तक मशक्कत कर पेड़ को हटाया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात आंशिक रूप से बहाल हो सका।

आंधी का असर शहर के अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिला। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, जबकि कुछ स्थानों पर बिजली के पोल और तार भी क्षतिग्रस्त हुए। बिजली विभाग की टीम रातभर मरम्मत कार्य में जुटी रही।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से जिले में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। तेज गर्मी के बीच आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी है। हाल ही में जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत भी हुई थी। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Share:

Leave a Comment