enewsmp.com
Home सीधी दर्पण कन्या महाविद्यालय के सामने चला प्रशासन का बुलडोजर, शासकीय भूमि से हटाया अतिक्रमण

कन्या महाविद्यालय के सामने चला प्रशासन का बुलडोजर, शासकीय भूमि से हटाया अतिक्रमण

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रिया पाठक के नेतृत्व में संयुक्त कार्रवाई की गई। नगर पालिका, राजस्व एवं नजूल विभाग की टीम ने शासकीय कन्या महाविद्यालय के सामने शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जों को हटाया और संबंधित लोगों को भविष्य में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी। प्रशासन की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शासकीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा छात्राओं और आम नागरिकों के लिए आवागमन को सुगम बनाना बताया गया।

डिप्टी कलेक्टर प्रिया पाठक ने कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों, शासकीय परिसरों और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण में सहयोग करें और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने से बचें। प्रशासन का कहना है कि जिलेभर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

कार्रवाई के दौरान नगर पालिका, राजस्व एवं नजूल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share:

Leave a Comment