सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में अवैध खनन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में खनिज विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम निधिपुरी, तहसील मड़वास में अवैध रेत भंडारण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए लगभग 25 ट्रॉली रेत जब्त की है। जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचायत धुम्माडोल के सरपंच, सचिव एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। खनिज रेत के अवैध उत्खनन एवं भंडारण संबंधी लगातार प्राप्त शिकायतों के आधार पर संयुक्त दल ने ग्राम निधिपुरी के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। जांच में विभिन्न स्थानों पर खनिज रेत लावारिस अवस्था में भंडारित पाई गई। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि निकट स्थित गोपद नदी घाट से आसपास के क्षेत्रों के लोगों द्वारा अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर उसका भंडारण किया गया था। अधिकारियों द्वारा की गई पैमाइश में लगभग 25 ट्रॉली रेत का अवैध भंडारण पाया गया। संयुक्त दल ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जब्त रेत को हाइवा वाहन के माध्यम से उठवाकर अभिरक्षा में लिया। मामले में अवैध भंडारण एवं उत्खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम-2022 एवं मध्यप्रदेश खनिज रेत नियम-2019 के तहत प्रकरण तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा खनिज संपदा के अवैध दोहन में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।