सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के वरिष्ठ समाजसेवी, प्रतिष्ठित व्यापारी एवं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता भारत होटल के संचालक भारत सिंह का लंबी बीमारी के बाद भोपाल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही जिलेभर में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक, पत्रकारिता, अधिवक्ता एवं व्यापारिक जगत से जुड़े लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल ने शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुःखद है कि आदरणीय भारत सिंह जी अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने अंतिम समय तक कांग्रेस पार्टी के प्रति कर्मठता, निष्ठा और समर्पण भाव से कार्य किया। कई दशकों तक विशेष रूप से चुरहट क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। अजय सिंह ने कहा कि भारत सिंह का स्नेह, समर्पण और कार्यशैली सदैव स्मरणीय रहेगी। उनका निधन न केवल कांग्रेस परिवार बल्कि पूरे सीधी जिले और व्यक्तिगत रूप से उनके लिए भी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। भारत सिंह अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सामाजिक सरोकारों के लिए जाने जाते थे। उन्होंने समाज सेवा, व्यापार और राजनीति के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी। जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और गणमान्य नागरिकों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में सीधी सांसद डॉक्टर राजेश मिश्र , चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल भैया , सीधी विधायक रीती पाठक , धौहनी विधायक कुंअर सिंह टेकाम , सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक , पूर्व सांसद गोविंद मिश्र , पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ल , पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल , कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान , बीजेपी पूर्व अध्यक्ष के.के.तिवारी , जनपद अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार सहित समाजसेवी उमेश तिवारी , पत्रकार सोमेश्वर सिंह , विजय सिंह , ब्रजेश पाठक , आर.बी.सिंह , नंदलाल सिंह , सचीन्द्र मिश्र , मनोज पाण्डेय , आदित्य सिंह , नीलाम्बुज पाण्डेय आदि सीधी वासी शामिल हैं । ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें। विनम्र श्रद्धांजलि। "भारत सिंह जी का निधन सीधी जिले के सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका स्नेह, सरलता और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करें।"