देवसर/जियावन (ईन्यूज़ एमपी)। सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत कारोबार पर अब पुलिस और माइनिंग विभाग ने संयुक्त कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण और परिवहन के खिलाफ जब्ती की कार्रवाई जारी है, लेकिन इस पूरे अभियान ने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जियावन और देवसर क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन लंबे समय से खुलेआम चल रहा था। कई बार ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों द्वारा शिकायतें की गईं, समाचार भी प्रकाशित हुए, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई बड़ी कार्रवाई देखने को नहीं मिली। अब क्षेत्र में चर्चा है कि आखिर अचानक प्रशासन इतना सक्रिय कैसे हो गया? लोगों के मुताबिक सहकार ग्लोबल कंपनी के कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट और एफआईआर के बाद प्रशासन हरकत में आया, जिसके बाद पुलिस और माइनिंग विभाग ने संयुक्त अभियान शुरू किया। ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बिना संरक्षण के इतना बड़ा अवैध कारोबार संभव नहीं हो सकता। उनका कहना है कि केवल रेत भंडारण जब्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई भी जरूरी है। फिलहाल क्षेत्रवासियों की नजर इस बात पर है कि यह अभियान कुछ दिनों तक सीमित रहेगा या अवैध रेत कारोबार के खिलाफ लगातार और निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी।