enewsmp.com
Home सीधी दर्पण जंगली हाथी के हमले में मृत दंपत्ति के परिजनों को 16 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत

जंगली हाथी के हमले में मृत दंपत्ति के परिजनों को 16 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत

सीधी (ईन्यूज एमपी)-जिले के ग्राम तिलया में एक जून को जंगली हाथी के हमले में हुई दुखद घटना में मृतक स्व. श्री भैयालाल यादव एवं स्व. श्रीमती सियावती यादव के निकटतम वारिसों को शासन के नियमानुसार कुल 16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए राहत राशि स्वीकृति पत्र वारिसों को सौंपा।

सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने का संबल प्रदान किया। उन्होंने कहा कि शासन एवं प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में जिला प्रशासन की ओर से भी घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया गया। अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों को सतर्कता संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

इस अवसर पर संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत विस्थापन कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में प्रभावित गांवों की स्थिति, पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं तथा सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने विस्थापन प्रक्रिया को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का सतत मूल्यांकन किया जा रहा है। उन्होंने गुरुवार को स्वयं क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने की बात कही। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को शासन की सभी पात्र हितलाभ योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वन्यजीवों की गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन एवं वन विभाग को दें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

इस दौरान उपसंचालक संजय टाइगर रिजर्व राजेश कन्ना टी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment