enewsmp.com
Home सीधी दर्पण किसानों की सहमति के बिना टावर निर्माण पर रोक लगे, अडानी कंपनी दे चार गुना मुआवजा: अजय सिंह

किसानों की सहमति के बिना टावर निर्माण पर रोक लगे, अडानी कंपनी दे चार गुना मुआवजा: अजय सिंह

सीधी(ईन्यूज एमपी)-पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सीधी जिले के चुरहट क्षेत्र में संचालित पावर ट्रांसमिशन परियोजना को लेकर किसानों के पक्ष में आवाज उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की सहमति के बिना उनकी कृषि भूमि में जबरन टावर निर्माण का कार्य कराया जा रहा है, जो पूरी तरह गैर-कानूनी एवं किसानों के अधिकारों का हनन है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में अजय सिंह ने कहा कि अडानी समूह की कंपनी के कर्मचारी किसानों के खेतों में प्रवेश कर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले किसानों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है तथा उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां भी दी जा रही हैं।

अजय सिंह ने कहा कि उन्होंने इस पूरे मामले से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अवगत कराया है और मांग की है कि किसानों की सहमति तथा मुआवजे के प्रकरणों का निराकरण होने तक महान पावर ट्रांसमिशन परियोजना के अंतर्गत टावर निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोका जाए।

उन्होंने कहा कि किसान शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वर्तमान बाजार मूल्य से चार गुना अधिक मुआवजे की मांग कर रहे हैं, जो नियमानुसार है। इसके बावजूद यदि कंपनी या प्रशासन किसानों पर दबाव बनाकर कार्य कराने का प्रयास करता है तो यह न्यायसंगत नहीं माना जा सकता।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन कंपनी के दबाव में किसानों के साथ मनमानी कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी की गई और उनकी भूमि पर जबरन कार्रवाई जारी रही तो पूरे क्षेत्र में चक्का जाम एवं जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

Share:

Leave a Comment