enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:हाथियों के हमले में वृद्ध दंपति की दर्दनाक मौत, विस्थापन नीति पर उठे सवाल

सीधी:हाथियों के हमले में वृद्ध दंपति की दर्दनाक मौत, विस्थापन नीति पर उठे सवाल

सीधी/कुसमी(ईन्यूज एमपी)- जिले के वनांचल क्षेत्र कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत गाजर के चिनगी गांव में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना में जंगली हाथियों के हमले से वृद्ध दंपति की मौत हो गई। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है, वहीं प्रभावित परिवार को विस्थापन का लाभ नहीं मिलने को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तिलिया निवासी भैयालाल यादव (60 वर्ष) पिता लालमन यादव एवं उनकी पत्नी रविवार रात लगभग 2 बजे अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान हाथियों का झुंड गांव में पहुंच गया। बताया जाता है कि हाथियों ने घर को घेर लिया और दोनों वृद्ध दंपति को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस, राजस्व एवं वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। हालांकि ग्रामीणों का आक्रोश इतना अधिक था कि उन्होंने मृतकों के शवों को उठाने से इंकार कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र से लगे इस गांव में हाथियों का लगातार खतरा बना रहता है। वन विभाग द्वारा गांव के कुछ परिवारों को तो विस्थापित कर दिया गया, लेकिन मृतक परिवार सहित करीब 40 लोगों को अब तक विस्थापन का लाभ नहीं मिला है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार एसडीएम कार्यालय सहित अन्य अधिकारियों को आवेदन दिए गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि कई परिवार उचित मुआवजा नहीं मिलने के कारण विस्थापन नहीं कर पाए हैं, जबकि कुछ परिवारों को योजना से ही वंचित रखा गया। ऐसे में गांव का आंशिक विस्थापन होने से मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति लगातार बनी हुई है।

ग्रामीणों ने इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए प्रभावित परिवारों के समुचित पुनर्वास, उचित मुआवजा तथा पूरे गांव के व्यवस्थित विस्थापन की मांग की है।फिलहाल प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं तुकड़ों में किए जा रहे विस्थापन की नीति पर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

Share:

Leave a Comment