सीधी(ईन्यूज एमपी)-टोंको-रोको-ठोको क्रांतिकारी मोर्चा के संयोजक उमेश तिवारी ने बताया है की महान ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा टावर लाइन का कार्य किया जा रहा है जो सीधी जिले के कई गांव में हो रहा है। जानकारी में हो की अडानी के थर्मल पावर हेतु सिंगरौली जिले में पुलिस के संगीनों के साए में जो लाखों पेड़ काटे जा रहे हैं उसी हेतु यह टावर लाइन है। कंपनी द्वारा टावर लाइन के किये जा रहे कार्य में भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश सरकार की गाइड लाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। कंपनी की मनमानी का प्रभावित किसान विरोध कर रहे हैं किसानों की आपत्ति के चलते जिला प्रशासन सीधी द्वारा समाधान हेतु तहसील रामपुर नैकिन के ग्राम कुआं में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान,कलेक्टर प्रतिनिधि तथा कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में अपनी बात रखते हुए किसानों ने कहा कि कंपनी गाइड लाइन अनुसार तीन सदस्यी समिति (किसान प्रतिनिधि, कलेक्टर प्रतिनिधि और कम्पनी प्रतिनिधि) के माध्यम से मुआवजा निर्धारण ना करा कर स्वतः से मुआवजा मनमानी तौर पर नाम मात्र का किया जा रहा है साथ ही गाइड लाइन अनुसार मुआवजा एक मुस्त और अग्रिम भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। कंपनी द्वारा सरहंगता पूर्वक किसान के जमीन में टावर लाइन का कार्य करके अपराध किया जा रहा है। कंपनी प्रतिनिधि के द्वारा अपनी बात रखते हुए कहा गया की गाइड लाइन चाहे जो हो कंपनी मुआवजा स्वतः से ही निर्धारित करेगी तथा मुआवजा किस्तों में ही देगी। कंपनी के प्रतिनिधि की बेतुका बात पर आपत्ति करते हुए कलेक्टर प्रतिनिधि तहसीलदार रामपुर नैकिन द्वारा कहा गया कि आपको नियम से ही कार्य करना होगा हाँ जहां टावर लाइन का कार्य जरूरी है वही किसान को अपना मुआवजा प्राप्त करना भी किसान का अधिकार है। आप यदि गाइड लाइन को पालन करने को तैयार नहीं हैं तो इसकी जानकारी हम वरिष्ठ कार्यालय को अवगत कराएंगे निराकरण होने तक कंपनी कार्य बंद रखे जिससे विवाद की स्थिति निर्मित ना हो। कंपनी के हठी रवैया और मनमानी से आक्रोशित होकर किसानों ने सर्वसम्मत से निर्णय किया की न्यायिक समाधान न होने तक हम अपने जमीन में टावर लाइन का काम नहीं होने देंगे। किसानों ने कहा कि कंपनी पर हमें कोई भरोसा नहीं है कलेक्टर सीधी से उम्मीद करते हैं कि वह किसानों के साथ न्याय करेंगे। बैठक में सैकड़ो की संख्या में किसान उपस्थित रहे। कंपनी से भयभीत किसानों को अस्वस्त करते हुए टोंको-रोंको-ठोंको क्रन्तिकारी मोर्चा के संयोजक उमेश तिवारी, अधिवक्ता अंबुज पांडे एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष सीधी प्रभात वर्मा ने कहा कि आप अपनी लड़ाई मजबूती से लड़े हम सब आपके साथ हैं।