enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:तेज रफ्तार ट्रक ने तोड़ा 33 केवी बिजली पोल, नौ गांवों की बिजली गुल; चालक घायल

सीधी:तेज रफ्तार ट्रक ने तोड़ा 33 केवी बिजली पोल, नौ गांवों की बिजली गुल; चालक घायल

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कपूरी में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर 33 केवी विद्युत लाइन के मुख्य पोल से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया, जबकि पोल और विद्युत उपकरणों को भारी क्षति पहुंचने से बघवार क्षेत्र सहित करीब नौ गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे ‘बालाजी’ नामक ट्रक सड़क से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 33 केवी बिजली पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल, इंसुलेटर और अन्य विद्युत उपकरण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

दुर्घटना के बाद बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासी सुनील गुप्ता के अनुसार लाइन तत्काल ऑटोमैटिक ट्रिप हो गई, जिससे हाईटेंशन करंट फैलने और किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।

सुरक्षा की दृष्टि से बघवार, कपूरी, बुढगौना सहित लगभग नौ गांवों की विद्युत आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पोल और इंसुलेटर को बदलने के लिए नई सामग्री मंगाई गई है तथा मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि बिजली आपूर्ति बहाल करने में कुछ घंटों का समय लग सकता है।

पिपराव चौकी प्रभारी शेषमणि मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर दुर्घटनास्थल पर यातायात को नियंत्रित किया गया है। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन ने लोगों से क्षतिग्रस्त विद्युत तारों और पोल के आसपास न जाने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।

Share:

Leave a Comment