enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:उजियार’ से रोशन होंगे बैगा अंचल के सपने

सीधी:उजियार’ से रोशन होंगे बैगा अंचल के सपने

पोड़ी से शुरू हुई विशेष साक्षरता पहल, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और जागरूकता के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन का लक्ष्य


सीधी (ईन्यूज एमपी)-दूरस्थ आदिवासी अंचलों में शिक्षा की नई रोशनी पहुंचाने और समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के संकल्प के साथ जनपद पंचायत कुसमी एवं सर्व शिक्षा अभियान के संयुक्त प्रयास से विशेष साक्षरता अभियान ‘उजियार’ का शुभारंभ ग्राम पोड़ी में विधायक कुंवर सिंह टेकाम द्वारा किया गया। यह पहल विशेष रूप से बैगा जनजाति एवं अन्य वंचित समुदायों के जीवन में ज्ञान, जागरूकता और आत्मनिर्भरता का प्रकाश फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की कुंजी है। उन्होंने कहा कि ‘उजियार’ अभियान के माध्यम से उन बसाहटों तक शिक्षा पहुंचाई जाएगी, जहां आज भी अनेक लोग पढ़ने-लिखने जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। विशेष साक्षरता कक्षाओं के माध्यम से लोगों को पढ़ना, लिखना, सामान्य गणना करना, बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करना, अपनी जमीन एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को समझना तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने योग्य बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक व्यक्ति के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और कोई भी व्यक्ति केवल जानकारी या संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शिक्षा को अपने परिवार और समाज के विकास का सबसे बड़ा माध्यम मानते हुए इस अभियान से जुड़ें।

विधायक टेकाम ने शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक घोषणा करते हुए कहा कि यदि कोई छात्र या छात्रा आर्थिक अभाव के कारण डी.एड., डी.एल.एड. अथवा उच्च शिक्षा प्राप्त करने में असमर्थ है, तो उसकी पढ़ाई में हर संभव आर्थिक सहयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भी 45 विद्यार्थी इस प्रकार के सहयोग से अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए हैं। उनकी इस घोषणा का उपस्थित ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी ज्ञानेंद्र मिश्रा ने कहा कि कलेक्टर विकास मिश्रा के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार जनपद पंचायत और शिक्षा विभाग द्वारा क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को साक्षर बनाने तथा प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित समाज की आधारशिला है। हमारा लक्ष्य है कि कुसमी क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति अशिक्षा के कारण विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे। जब प्रत्येक नागरिक जागरूक और साक्षर होगा, तभी शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा और विकसित कुसमी की परिकल्पना साकार होगी।

बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि क्षेत्र की सभी बसाहटों में विशेष सर्वेक्षण कर ऐसे व्यक्तियों की पहचान की जा रही है जो अब तक साक्षरता से वंचित हैं। अभियान के माध्यम से उन्हें शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक और शासकीय योजनाओं की उपयोगी जानकारी भी प्रदान की जाएगी, ताकि वे अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बन सकें। उन्होंने बताया कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विभागीय अमला पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में उपयंत्री प्रदीप द्विवेदी द्वारा स्वप्रेरणा से पेन, कॉपी, चाक, बिछौना एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री की व्यवस्था की गई, जिसने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ग्राम पंचायत द्वारा बच्चों एवं उपस्थित ग्रामीणों को लड्डू वितरित कर इस जनभागीदारी आधारित पहल का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में नायब तहसीलदार टोप्पो, समाजसेवी अनीता सिंह, विधायक प्रतिनिधि इंद्रप्रकाश गुप्ता, गायत्री परिवार के ब्लॉक समन्वयक एवं समाजसेवी राजेंद्र मिश्र, समाजसेवी जवाहर यादव, अनीता नामदेव, पेसा अध्यक्ष श्री मती सिंह, प्राचार्य पोड़ी, प्राचार्य बस्तुआ, शिक्षक राकेश मिश्र, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

‘उजियार’ केवल एक साक्षरता अभियान नहीं, बल्कि आदिवासी समाज में आत्मविश्वास, जागरूकता और अवसरों की नई रोशनी जगाने का संकल्प है। बैगा अंचल में प्रज्ज्वलित यह ज्ञानदीप आने वाले समय में शिक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक परिवर्तन की नई इबारत लिखेगा तथा विकसित कुसमी के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Share:

Leave a Comment